रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में ज्वेलरी चोरी करने वाले मुख्य आरोपी समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़िता से जीवन साथी डाॅट काॅम पर दोस्ती की। फिर महिला के घर पहुंचा और चिकन में नशीला पदार्थ खिलाकर ज्वेलरी चोरी कर फरार हो गया था। आरोपी फर्जी आधार व पेन कार्ड बनाकर घटना को अंजाम देता था। जांच में पता चला है कि आरोपी अभिनव सिंग ने ऐसे ही 1 माह में 100 से ज्यादा महिलाओं से संपर्क कर चुका है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, खम्हारडीह निवासी पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि लगभग चार माह पहले उसकी पहचान Jeevansathi.com के माध्यम से अभिनव सिंह से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। 15 मई को अभिनव सिंह ने प्रार्थिया को फोन कर उसके जन्मदिन की पार्टी के बहाने उसके घर आने की बात कही।


दोपहर लगभग 1 बजे वह प्रार्थिया के घर पहुंचा और दोनों ने साथ में भोजन किया। भोजन के दौरान अभिनव सिंह ने चिकन को ठीक से न पका होने की बात कहकर उसे फिर पकाया और खाने के लिए परोसा। चिकन खाने के कुछ समय बाद प्रार्थिया बेहोश हो गई। शाम लगभग 6 बजे उसकी रूम पार्टनर घर पहुंची, जिसने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह होश में नहीं आई।

अगले दिन 16 मई को सुबह लगभग 10 बजे होश आने पर प्रार्थिया ने देखा कि उसके गले में पहनी सोने की चैन व दो सोने की अंगूठियां गायब थीं। इसके बाद उसने आलमारी के लॉकर की जांच की, जहां रखे सोने-चांदी के जेवरात भी नहीं मिले। साथ ही अभिनव सिंह भी घर से फरार था। पीडिता द्वारा अभिनव सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार बंद था।

पीड़िता ने तत्काल इसकी रिपोर्ट थाना खम्हारडीह में दर्ज कराई। मामले में 159/26 धारा 305(ए), 318(4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटना को DCP (क्राईम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला व DCP (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर द्वारा गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की गई। टीम द्वारा घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेजों का अवलोकन किया गया।

जाँच के दौरान पुलिस टीम ने Jeevansathi.com पर आरोपी एवं प्रार्थिया के मध्य संपर्क स्थापित करने वाले प्रोफाइल का तकनीकी विश्लेषण किया। साथ ही आरोपी द्वारा उपयोग किए जा रहे मोबाइल नंबरों का तकनीकी तथ्यों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। तकनीकी विश्लेषण एवं जांच के दौरान आरोपियों की पतासाजी करते हुये आरोपी हितिन नरूला को उत्तराखण्ड के हरिद्वार में लोकेट किया गया।

प्राप्त तथ्यों के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार पुलिस टीम को तत्काल हरिद्वार रवाना किया गया। हरिद्वार पहुंचकर टीम के सदस्यों ने विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी एवं पतासाजी करते हुये आरोपी हितिन नरूला को पकड़ा। हितिन नरूला से पूछताछ के आधार पर आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज से पकड़ा गया।

पूछताछ में खुलासा

आरोपियों से की गई पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि अभिनव सिंग व हितिन नरूला दोनों मित्र है। घटना के दिन दोनों रायपुर आए थे। अभिनव सिंह प्रार्थिया के संपर्क में रहकर उसके साथ उसके निवास में गया, जबकि उसका साथी हितिन नरूला रेलवे स्टेशन पर ही रुका रहा। प्रार्थिया के घर पहुंचने के बाद अभिनव सिंह ने उसे विश्वास में लेकर भोजन कराया।

भोजन में नशीला पदार्थ

भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया। प्रार्थिया के अचेत होने के पश्चात उसने घर में रखें सोने एवं चांदी के आभूषणों की चोरी की और वहां से निकलकर रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां उसका साथी हितिन नरूला उसका इंतजार कर रहा था। इसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी रकम 57,000 रूपये, 2 तोला सोने के जेवरात, 1 नग चांदी का ब्रेसलेट तथा 5 नग मोबाईल फोन जुमला कीमती लगभग 4,21,500 रूपये जब्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई किया गया।

आरोपी अभिनव सिंह पूर्व में धोखाधड़ी एवं चोरी के मामलों में वर्ष 2024 में दिल्ली के थाना अशोक विहार तथा वर्ष 2026 में थाना पार्लियामेंट हाउस क्षेत्र में दर्ज प्रकरणों में जेल निरुद्ध रह चुका है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड के थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के प्रकरण में भी आरोपी जेल जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी

01. अभिनव सिंह उर्फ पहलवान पिता तेजपाल सिंग उम्र 37 साल निवासी मकान नंबर 215 अरोड़ा कालोनी जिला होशियारपुर पंजाब। हाल पता – सी/505 चतुर्थ तल जेव्हीटीएस गार्डन छतरपुर दिल्ली।

02. हितिन नरूला पिता पृथ्वीराज नरूला उम्र 48 साल निवासी जे 70 तृतीय तल लक्ष्मी नगर शकरपुर बरामद थाना शकरपुर ईस्ट दिल्ली।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed