परामर्शदात्री समिति की बैठक में कर्मचारियों की 18 मांगों पर हुई चर्चा...

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई में परामर्शदात्री समिति की बैठक निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ, भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर आयुक्त को मांग पत्र सौंपा। इस दौरान कुल 18 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कर्मचारियों की ओर से निगम में ठेका प्रथा समाप्त करने, प्रत्येक माह की 7 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने, रिक्त पदों पर तत्काल पदोन्नति करने तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर, लाइनमेन, वाहन चालक, पंप अटेंडेंट, प्लंबर एवं तकनीकी सहायकों के लिए पदोन्नति चैनल निर्धारण कर नवीन पद स्वीकृत करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।


इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद देयकों का तत्काल भुगतान, एलएसजीडी डिप्लोमाधारियों को वेतन वृद्धि का लाभ, भविष्य निधि एवं नवीन अंशदायी पेंशन की राशि प्रत्येक माह कर्मचारियों के खातों में जमा करने तथा कर्मचारियों से संबंधित न्यायालयीन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने की मांग भी रखी गई।

संघ के पदाधिकारियों ने दिव्यांग कर्मचारियों के भत्तों में भिन्नता दूर करने, कर्मचारियों के लिए वाहन स्टैंड की व्यवस्था करने, नवीन पद संरचना के संबंध में शासन को पुनः स्मरण पत्र भेजने, दैनिक वेतनभोगी एवं कार्यभारित कर्मचारियों के नियमितीकरण, अवकाश नगदीकरण भुगतान, प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों को मूल विभाग में वापस भेजने तथा कर्मचारियों को आवास आबंटन जैसी मांगों को भी प्रमुखता से उठाया।

आयुक्त ने प्रस्तुत मांग पत्र का बिंदुवार अवलोकन कर संबंधित विषयों की समीक्षा की तथा आवश्यक मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। बैठक में स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *