
दुर्ग। जिले में कुम्हारी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। कुम्हारी टोल प्लाजा के आगे खारुन नदी पुलिया का मरम्मत कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। शुक्रवार को दोनों पुलों को आम नागरिकों और सभी प्रकार के वाहनों के लिए पुनः खोल दिया गया है। बता दें कि मरम्मत कार्य के चलते पिछले कुछ दिनों से इस मार्ग पर यातायात आंशिक रूप से प्रभावित था, लेकिन अब पुल के खुलने से आवागमन पूरी तरह सामान्य हो गया है।
इससे कुम्हारी और आसपास के क्षेत्रों में रोजाना आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग और दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इस दौरान नागरिकों ने भी पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग किया, जिससे काम समय पर पूरा हो सका।

पुलिस ने जताया आभार


दुर्ग पुलिस ने सभी नागरिकों, स्थानीय निवासियों और इस मार्ग का उपयोग करने वाले लोगों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि वे आगे भी यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। पुल के दोबारा शुरू होने से अब इस महत्वपूर्ण मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आवाजाही पहले की तरह सुचारू रूप से जारी रहेगी।
