भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम नारधा में दो साल पुराने बाइक विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। आरोपी ने पहले अपने परिचित को शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर दी। वारदात में जान गंवाने वाले भीम गायकवाड़ रायपुर नगर निगम में कार्यरत थे। घटना के बाद जामुल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

चोरी हुई बाइक को लेकर था विवाद

प्रारंभिक जांच के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले आरोपी ने अपनी बाइक भीम गायकवाड़ को दी थी। बाद में वह बाइक रायपुर से चोरी हो गई। इसके बाद से आरोपी लगातार बाइक वापस दिलाने की मांग कर रहा था। बताया जा रहा है कि भीम गायकवाड़ ने विवाद खत्म करने के लिए आरोपी को दूसरी बाइक देने की भी पेशकश की थी, लेकिन आरोपी इसके लिए तैयार नहीं हुआ। वह अपनी वही पुरानी बाइक वापस दिलाने की जिद पर अड़ा रहा।


पहले शराब पिलाई, फिर उतार दिया मौत के घाट

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना वाले दिन भीम गायकवाड़ को अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई। इसके बाद दोनों के बीच पुरानी बाइक को लेकर फिर विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ ही देर में आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

भीम गायकवाड़ की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद गांव और परिवार में मातम का माहौल है। फिलहाल जामुल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए तरीके व अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *