फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी सीट पक्की कर ली है। इस जीत के बाद जहां फ्रांस की राजधानी पेरिस में शांतिपूर्ण तरीके से जश्न हुआ, वहीं लंदन में हिंसा की घटना सामने आई। फुटबॉल फैंस की भारी भीड़ सड़कों पर आ गई, जिसके बाद हालात काबू से बाहर हो गए। हिंसा की आशंका के मद्देनजर पेरिस में पहले से ही सुरक्षाबल तैनात कर दिए गए थे लेकिन इसके उलट, ब्रिटेन की राजधानी लंदन में हालात तनावपूर्ण हो गए।

उपद्रवियों के हमले में 1 पुलिस अधिकारी हुआ घायल

रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस की सेमीफाइनल में एंट्री तय होने के कुछ ही देर बाद वेस्टर्न लंदन में एक पुलिस अधिकारी उपद्रवियों के अटैक में घायल हो गया। बाद में उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाना पड़ा।


एडगवेयर रोड पर भीड़ को कंट्रोल करती दिखी पुलिस

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिसकर्मी एडगवेयर रोड पर भारी भीड़ को कंट्रोल करने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य वीडियो में जख्मी पुलिसकर्मी सड़क पर लेटा हुआ नजर आ रहा है और मेडिकल टीम उसका इलाज कर रही है। इस दौरान, अन्य पुलिसकर्मी ढालों के साथ कतार बनाकर उपद्रवियों की तरफ आगे बढ़ते हुए नजर आए।

आशंका के उलट पेरिस में शांतिपूर्ण रहा जश्न

मैच से पहले ऐसी आशंका जताई गई थी कि नॉर्थ अफ्रीका के देश मोरक्को और उसके पूर्व उपनिवेशवादी शासक फ्रांस के बीच फीफा वर्ल्ड कप मैच के बाद पेरिस में हिंसा भड़क सकती है। गनीमत रही कि पेरिस में माहौल शांतिपूर्ण रहा। हजारों फैंस सड़कों पर उतरकर फ्रांस की टीम की जीत का जश्न मनाते दिखे।

फ्रांस में तैनात किए गए थे 20 हजार पुलिसकर्मी

गौरतलब है कि पूरे फ्रांस में सुरक्षा के लिए 20 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। इनमें से लगभग 8 हजार पुलिसकर्मी केवल पेरिस में तैनात थे। फ्रांस की सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही वॉर्निंग दी थी कि बीते मई में पेरिस सेंट-जर्मेन चैंपियनशिप में जीत के बाद जैसे हालात फिर से बन सकते हैं और हिंसा जैसी घटनाएं हो सकती हैं। हालांकि, इस बार फीफा वर्ल्ड कप के इस मुकाबले के बाद पेरिस में हिंसा नहीं, बल्कि हंसी-खुशी का माहौल देखने को मिला।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *