



कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में मोबाइल पर रील देखते समय नेटवर्क चले जाने से नाराज एक महिला ने कथित तौर पर कीटनाशक पीकर जान दे दी। घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान 52 वर्षीय मंगलो बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक मोबाइल का नेटवर्क चला गया। इससे वह गुस्से में आ गई और उसने मोबाइल पटककर तोड़ दिया। इसके बाद आवेश में आकर घर में रखा कीटनाशक पी लिया।

जहर पीने की जानकारी मिलने पर परिजन घबरा गए। उन्होंने पुरानी मान्यता के चलते मंगलो बाई को उल्टी कराने के लिए गोबर-पानी पिलाया। पति प्रेमलाल ने बताया कि गांव में चली आ रही पुरानी कहावत के आधार पर उन्होंने ऐसा किया था। हालांकि, महिला की हालत बिगड़ती चली गई।
परिजन उसे तत्काल संजीवनी के माध्यम से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान मंगलो बाई की मौत हो गई।
मेमो पर मामला दर्ज
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मामले में कार्रवाई दर्ज की गई है। प्रारंभिक बयान में सामने आया है कि मोबाइल में नेटवर्क चले जाने से नाराज होकर महिला ने कीटनाशक का सेवन किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
8 महीने में 57 मौतें
कोरबा जिले में आत्महत्या के बढ़ते मामलों के बीच यह घटना एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 8 महीनों में 57 लोगों की आत्महत्या से मौत हो चुकी है। मोबाइल और सोशल मीडिया की बढ़ती लत भी अब लोगों के व्यवहार और मानसिक स्थिति पर असर डालने वाली वजहों में शामिल होती जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मोबाइल या सोशल मीडिया को लेकर अचानक पैदा होने वाला गुस्सा कई बार व्यक्ति को आवेश में ऐसे कदम उठाने के लिए मजबूर कर सकता है, जिसके गंभीर परिणाम सामने आते हैं।
