दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार से वाहन चलाकर स्टंटबाजी करते हुए रील बनाने और शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन सवारी बुलेट से स्टंट कर रहे चालक को पकड़ा। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके अलावा घटना के कुछ ही देर बाद थाना परिसर पहुंचे पांच अन्य युवक भी शराब के नशे में पाए गए।

पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार 7 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे जामुल थाना क्षेत्र में बुलेट क्रमांक CG 04 MY 3982 पर तीन युवक सवार होकर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहे थे। बताया गया कि बुलेट में तेज आवाज वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था और युवक सड़क पर स्टंटबाजी करते हुए रील बनाने का प्रयास कर रहे थे।


इस दौरान उनकी गतिविधियों से दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी और सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी। पुलिस स्टाफ की नजर गतिविधियों पर पड़ते ही तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने बुलेट को रोककर चालक से पूछताछ की और उसका परीक्षण कराया। जांच में चालक पवन तिवारी, निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल, जिला दुर्ग, शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया।

मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 646/2026 दर्ज कर धारा 281 बीएनएस तथा धारा 184 और 185 मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक बुलेट चालक और उसके साथियों की गतिविधियों के करीब पांच मिनट बाद काले रंग की एक थार वाहन से कुछ युवक थाना परिसर पहुंचे। थार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने मौके पर मौजूद युवकों का अल्कोहल परीक्षण कराया। जांच में पांचों युवक शराब के नशे में पाए गए।

थाना परिसर जैसे सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर नशे की स्थिति में पाए जाने और लोक शांति भंग करने के संबंध में पुलिस ने पांचों के खिलाफ धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की। कार्रवाई की जद में आने वालों में अंश कुमार (22), नमन पगार (19), अमित कुमार जयसवार (20), नितिन शर्मा (23) और आर्यन मिश्रा (21) शामिल हैं।

सभी जामुल क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड और कैलाश नगर इलाके के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मौके पर मौजूद थार वाहन के खिलाफ भी यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं थी और उसके शीशों पर काला शीशा/फिल्म लगा हुआ था। इसके अलावा वाहन से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात सामने आई।

पुलिस ने मोटरयान अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत वाहन के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार युवक देर रात सार्वजनिक स्थान पर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज गति से वाहन चलाते हुए स्टंटबाजी कर रील बनाने का प्रयास कर रहे थे।

इसके बाद कुछ युवक शराब के नशे में थाना परिसर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक वहां पहुंचकर उन्होंने कार्रवाई में हस्तक्षेप करने का प्रयास भी किया। पुलिस की सतर्कता के कारण स्थिति को तत्काल नियंत्रित किया गया और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जामुल पुलिस की इस कार्रवाई को देर रात होने वाली स्टंटबाजी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के लिए रील बनाने या मनोरंजन के नाम पर सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ऐसी गतिविधियों से वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें।

पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित नंबर प्लेट लगाने, वाहन के शीशे पारदर्शी रखने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की भी हिदायत दी है। पुलिस ने कहा है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *