



CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर मैसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के मौसम में किसी भी तरह के बड़े या अचानक बदलाव की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि, आसमान में बीच-बीच में बादलों की आवाजाही जरूर बनी रह सकती है। वैसे तो तापमान भी लगभग एक जैसा ही रहने का अनुमान है, जिसकी वजह से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बिल्कुल सामान्य तरीके से चलती रहेगी।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग की मानें तो, दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। खासकर आज यानी 19 और कल 20 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बादल बरसने के पूरे आसार हैं। इसके अलावा, मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज बिजली (वज्रपात) गिरने की चेतावनी भी जारी की है, इसलिए दक्षिणी जिलों में रहने वाले लोगों को थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है।

अगले 24 घंटों के बाद गिरेगा रात का पारा
अब अगर तापमान की बात की जाए, तो अगले 5 दिनों तक दिन के (अधिकतम) तापमान में कोई खास फेरबदल देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन राहत भरी बात यह है कि अगले 24 घंटों के बाद रात के (न्यूनतम) तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट जरूर आ सकती है। इस छोटी सी गिरावट से अब धीरे-धीरे रात के वक्त हल्की-फुल्की ठंड का अहसास होना शुरू हो जाएगा।
राजधानी रायपुर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
अब अगर बात करें राजधानी रायपुर की, तो यहाँ अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना हैं। IMD ने रायपुर में 33 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान और 24 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहने की संभावना जताई है, यानी कि धूप और बादलों के इस खेल के बीच मौसम सुहाना बना रहेगा।
21 अक्टूबर से पूरी तरह सूखा रहेगा मौसम
अगर आप आने वाले दिनों में कहीं घूमने या किसी काम की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। दरअसल, 21 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 से 24 अक्टूबर के बीच बारिश या बिजली गिरने को लेकर किसी भी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। यानी इन दिनों में पूरे प्रदेशभर में धूप खिली रहेगी और बारिश की कोई गुंजाइश नहीं बचेगी।
