



भिलाई। भिलाई के सेक्टर-7 हाई स्कूल दशहरा मैदान में 20 अक्टूबर, मंगलवार को 31वें सार्वजनिक दशहरा पर्व का आयोजन किया जाएगा। युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल की ओर से होने वाले इस उत्सव में 65 फीट ऊंचे रावण के साथ 50-50 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 6 बजे शुरू होगा, जबकि रावण दहन रात 9:30 बजे किया जाएगा। आयोजन समिति को इस बार 60 से 70 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग और दर्शकों की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
14 जगहों पर लगेंगे CCTV कैमरे, 60 से अधिक बाउंसर संभालेंगे सुरक्षा
बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। समिति के अनुसार, मैदान में 14 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा 60 से अधिक बाउंसर और 100 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। ये भीड़ को नियंत्रित करने, दर्शकों के आवागमन और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और अग्निशामक यंत्रों की व्यवस्था भी रहेगी। रात में लोगों की सुविधा के लिए पर्याप्त रोशनी का इंतजाम किया जाएगा।

मार्स द बैंड की प्रस्तुति और काकीनाडा की आतिशबाजी होगी खास
इस बार दशहरा उत्सव में संगीत और आतिशबाजी का विशेष आकर्षण रहेगा। मार्स द बैंड अपनी संगीतमय प्रस्तुति देगा। वहीं, आंध्र प्रदेश के काकीनाडा की आतिशबाजी और इलेक्ट्रॉनिक फायरवर्क्स से उत्सव को खास बनाया जाएगा। विशाल पुतलों के दहन के साथ रंग-बिरंगी आतिशबाजी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
8 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था, तीन जगह मिलेगी मुफ्त पार्किंग
आयोजन समिति मैदान में करीब 8 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था कर रही है। वाहनों की भीड़ और मुख्य मार्गों पर जाम से बचने के लिए तीन अलग-अलग स्थानों पर निःशुल्क पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। समिति ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। दर्शकों से बच्चों का विशेष ध्यान रखने और पुतला दहन व आतिशबाजी के दौरान निर्धारित सुरक्षा दूरी बनाए रखने की भी अपील की गई है।
31 साल से जारी परंपरा को भव्य बनाने की तैयारी
आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजक चन्ना केशवलू और समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद देवांगन ने तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक दशहरा पर्व के माध्यम से सामाजिक एकता और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। समिति का प्रयास है कि इस वर्ष का आयोजन भव्य होने के साथ सुरक्षित और सुव्यवस्थित भी रहे।
आयोजकों ने भिलाई-दुर्ग सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से सपरिवार दशहरा उत्सव में शामिल होने की अपील की है। प्रेस वार्ता में समिति के कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह सहित जी. अमर, राजनारायण सिंह, रविन्द्र सिंह, प्रीतम साहू, डी. मरिया दास, उज्ज्वल तिवारी, बी. पदमनाभन, टी. शंकर, आर. प्रसंगी और शिवा कुमार मौजूद रहे।
