


CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून ने आखिरकार पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग के अनुसार अब राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं। अगले सात दिनों तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 14 जिलों के लिए बारिश, तेज हवा, आकाशीय बिजली और गरज-चमक को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में आज भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। पिछले दिन भी सुबह उमस ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज भी शहर में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश हो सकती है। तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इस सिस्टम की वजह से बढ़ेगी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसी सिस्टम के कारण रायपुर समेत प्रदेश के मध्य और अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार कुसमी में सबसे ज्यादा 9 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा पखांजूर में 7 सेंटीमीटर, चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा में 5-5 सेंटीमीटर, शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा में 4-4 सेंटीमीटर तथा पौड़ी उपरोड़ा, गीदम, सामरी और दोरनापाल में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं कई अन्य जिलों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।
प्रदेश में तापमान का हाल
बारिश के बीच भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी बनी हुई है। मंगलवार को राजनांदगांव में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा में 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
14 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए प्रदेश के 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
