CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश भर में मानसूनी गतिविधियों में तेजी देखने को मिलेगी। विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने का खतरा बना हुआ है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

5 से 7 अगस्त तक कैसा रहेगा छत्तीसगढ़ का मौसम?

आगामी दिनों की बात करें तो 5 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश जारी रहेगी, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। इसके बाद 6 और 7 अगस्त को भी बारिश का यह सिलसिला थमेगा नहीं। कई जिलों में लगातार मध्यम से तेज बौछारें पड़ने और बिजली कड़कने की पूरी संभावना है। बीते 24 घंटों में भी राज्य के कई इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे यह साफ है कि मानसून पूरी तरह एक्टिव मोड में है।


इन मानसूनी सिस्टम्स की वजह से हो रही बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस वक्त एक साथ कई वेदर सिस्टम सक्रिय हैं, जिसका सीधा असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। वर्तमान में मानसून की मुख्य द्रोणिका अनूपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर से होते हुए नागालैंड तक जा रही है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है और बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य भाग में भी एक मजबूत सिस्टम काम कर रहा है। इन सभी कारकों के मिलने से राज्य में नमी बढ़ रही है और बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं।

तापमान में गिरावट से मिलेगी उमस से राहत

लगातार होने वाली बारिश के चलते आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 34.7 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान पेंड्रारोड में 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में बादलों का डेरा

राजधानी रायपुर के निवासियों के लिए भी मौसम खुशनुमा रहने वाला है। शहर में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और दिन में एक से दो बार तेज बौछारें या गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *