रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आरोपी ने चापड़ से एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी भीड़ के बीच चापड़ से पीड़ित पर लगातार वार कर रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग रहा था, जिसे लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा और पुलिस को पूरी घटनाक्रम की जानकारी दी। आरोपी का नाम सेवाराम साहू है।

जानिए पूरा मामला

प्रार्थिया रानी वर्मा ने थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 सितम्बर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर के सामने जन्माष्टमी का कार्यक्रम देख रही थी। इसी दौरान उसके जेठ उमेन्द्र सिंह वर्मा घर के बाहर खड़ी मोटर सायकल को अंदर करने के लिए बाहर निकले। इसी बीच विकास नगर निवासी आरोपी सेवाराम साहू अचानक दौड़कर पीछे से आया और किसी बात को लेकर धारदार हथियार से जेठ उमेन्द्र के सिर पर वार करने लगा।


मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को दबोचा

घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीँ, वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, जिसे मोहल्ले के लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा और तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। आरोपी सेवाराम साहू के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पत्नी से अवैध संबंध का शक

घटना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उमेन्द्र सिंह वर्मा का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। इसी गुस्से में उसने घटना को अंजाम दिया था। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से चापड़ जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी का नाम

सेवाराम साहू पिता आनंद साहू उम्र 38 साल निवासी विकास नगर, गुढ़ियारी, रायपुर|

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *