जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू-टोना के शक में पिता-पुत्र और चाचा ने एक ग्रामीण की बेरहमी से हत्या कर दी। तीनों ने मिलकर गाड़ी से कुचलकर ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया। मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम जामपानी सरबकोम्बो निवासी जोयो राम 68 वर्ष की 29 सितंबर को मृत्यु होने की सूचना पर थाना बगीचा में धारा 194 BNSS कायम कर जांच प्रारंभ की गई। मृतक के शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया गया।


मृतक के शव के पंचनामा के दौरान सिर, माथे और बायें पैर पर चोट के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में सर पर चोट लगने से मौत की वजह सामने आई।

मर्ग जांच के दौरान मृतक के परिजनों व गवाहों के बयान लिए गए। पूछताछ में पता चला कि मृतक जोयो राम को बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 से जानबूझकर ठोकर मारकर हत्या की गई थी।

जाँच में यह भी सामने आया कि गांव के दीपक यादव उसके पिता व चाचा ने मृतक जोया राम की पत्नी पर टोनही होने व जादू-टोना करने का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर पिछले 2-3 वर्षों से रंजिश चली आ रही थी। गांव के एक बैगा ने भी यह आरोप लगाया था।

हत्या की योजना बनाकर घटना को दिया अंजाम

जाँच के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी दीपक यादव पिता कुरशो यादव 21 वर्ष निवासी जामपानी सरबकोम्बो को दबिश देकर 1 अक्टूबर को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपक यादव ने बताया कि, मृतक जोयो राम की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए आरोपी पक्ष द्वारा कई बार विवाद किया गया था।

29 सितंबर को आरोपियों ने मिलकर जोयो राम की हत्या करने की योजना बनाई थी। 29 सितंबर की शाम करीब 4 बजे आरोपी दीपक यादव अपने चाचा के बोलेरो वाहन CG 14 MC 5946 को लेकर डाहीडांड़ की ओर गया। वहां जोयो राम मेन रोड से करीब 5-10 मीटर की दूरी पर अपने मक्का खेत के सामने खड़ा था।

आरोपी द्वारा वाहन को आगे ले जाकर वापस मोड़कर जानबूझकर जोयो राम को ठोकर मार उसकी हत्या कर दिए। वाहन की ठोकर से जोयो राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर बगीचा की ओर फरार हो गया, ताकि घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना समझा जाए।

गिरफ्तार आरोपी

दीपक यादव 21 वर्ष निवासी जामपानी सरबकोम्बो थाना बगीचा, जिला जशपुर (छ.ग.) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस मामले में फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। मामले की कार्रवाई व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज व प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *