बलरामपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जल संसाधन विभाग के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीण परिवार ने कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। नवाडीह में निर्मित बांध में पानी के रिसाव को ठीक करने उतरे ग्रामीण की वेस्ट वियर में फंसने से मौत हो गई। हादसे के बाद बांध का पानी खाली कराया गया, तब जाकर ग्रामीण का शव बाहर निकाला जा सका।

बिना सुरक्षा इंतजाम बांध में उतरा ग्रामीण

मृतक की पहचान राजकुमार मरावी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, बांध से लगातार हो रहे पानी के रिसाव को ठीक करने के लिए राजकुमार को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के बांध में उतारा गया था। काम के दौरान वह वेस्ट वियर में फंस गया और उसकी मौत हो गई।


काफी मशक्कत के बाद आज बांध का पानी खाली कर शव को बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की।

मुआवजा और FIR की मांग पर अड़े परिजन

परिजनों ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों की मांग है कि, उचित मुआवजा दिया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। परिजनों ने साफ कर दिया है कि, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, शव नहीं लेंगे और ना ही अंतिम संस्कार करेंगे।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *