



लोरमी। अचानक चीख की आवाज, जंगल में जंगली जानवर की दहाड़ और फिर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोरमी क्षेत्र में अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के बफर जोन में एक युवक की जंगली जानवर के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना के दौरान बाघ की आवाज सुनाई देने का दावा किया है, जिसके बाद मादा टाइगर के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत किस वन्यजीव के हमले से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
करील-पुटू की तलाश में गया था जंगल
जानकारी के अनुसार, बांधा गांव निवासी धरमजीत दास अपने साथियों के साथ करील-पुटू की तलाश में जंगल गया था। यह घटना लक्ष्मणडोंगरी पहाड़ के आगे सावंतपुर जंगल क्षेत्र की बताई जा रही है। इसी दौरान जंगल में अचानक युवक की चीख सुनाई दी। उसके साथ मौजूद लोगों को किसी जंगली जानवर की आवाज भी सुनाई दी, जिससे वहां हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों के अनुसार, युवक के साथ गए साथी डर के कारण जंगल से भागकर गांव की ओर चले गए। कुछ समय बाद युवक के साथ दर्दनाक घटना की जानकारी सामने आई। धरमजीत दास की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने सुनी बाघ की आवाज
ग्रामीणों का दावा है कि घटना के दौरान जंगल से बाघ की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद मादा टाइगर के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वन विभाग ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। वन विभाग का कहना है कि घटनास्थल के निरीक्षण और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किस वन्यजीव के हमले से हुई।
वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। टीम जंगल में मिले निशान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावर वन्यजीव की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस घटना के बाद बांधा गांव में मातम का माहौल है। युवक की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जंगल जाने से बचें ग्रामीण: वन विभाग
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से लोगों को करील-पुटू की तलाश में जंगल के अंदर जाने से बचने की सलाह दी है। वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से जंगल में अकेले या बिना आवश्यक सावधानी के प्रवेश नहीं करने की अपील की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के बाद युवक की मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होगा।
