


बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खर्वे में तीन दिनों के भीतर आठ ग्रामीणों की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर जहरीली शराब पिलाए जाने के आरोपों के बाद पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम गांव पहुंची है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दफनाए गए शवों को बाहर निकालकर वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित खर्वे गांव में लगातार हो रही मौतों के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर कई लोगों को पिलाया, जिसके कारण उनकी मौत हुई।

मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाना पहुंचे थे और उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। ग्रामीणों का दावा है कि जिन लोगों की मौत हुई, उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। कथित तौर पर एक ही स्रोत से शराब सेवन करने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और कुछ ही समय में उनकी मौत हो गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दफन शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई है। मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी पहुंची हुई है, जो नमूने एकत्र कर जांच कर रही है।
गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि मौतों के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
