Bhilai Crime News: वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद में ट्रक चालक की मौत, हाईवा ड्राइवर गिरफ्तार

भिलाई नगर। कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन खड़ा करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक ट्रक चालक की जान ले ली। मारपीट के बाद घायल हुए चालक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मामले की जांच के बाद कुम्हारी पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 10 जून को दुर्ग-रायपुर मार्ग स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा के पास ट्रक क्रमांक HR 38 Z 3022 का चालक कटिंग से यू-टर्न लेकर सड़क किनारे वाहन खड़ा किए हुए था। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG 04 LB 9345 वहां पहुंचा। वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों चालकों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।


आरोप है कि हाईवा चालक ने ट्रक चालक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के बाद ट्रक चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच में हाईवा चालक द्वारा मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई। जांच के आधार पर पुलिस ने पाया कि मामला हत्या का नहीं बल्कि अपराधिक मानव वध का है।

इस पर थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी देव कुमार साहु (37 वर्ष), निवासी भूसरेंगा, जिला बालोद को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और आरोपी का हाईवा वाहन जब्त कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *