दुर्ग। नेवई थाना पुलिस ने घर में काम करने वाली महिला द्वारा अपने मालिक के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख 22 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, रिसाली के आशीष नगर निवासी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने घर में अधिक काम होने के कारण मालती ध्रुव नामक महिला को दो दिनों के लिए काम पर रखा था। काम समाप्त होने के बाद जब उन्होंने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे सोने-चांदी के गहने गायब मिले। इसके बाद उन्होंने नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई।


शिकायत में बताया गया कि अलमारी में रखे पर्स से सोने का हार, मांगटीका, नथ, हाथ के कड़े, मंगलसूत्र तथा कान के तीन जोड़ी टॉप्स समेत करीब 14.5 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घर में काम करने वाली मालती ध्रुव, उसके पति देवीलाल ध्रुव और जीजा हेमलाल मांडवी पर संदेह हुआ।

तीनों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पूछताछ में मालती ध्रुव ने बताया कि उसने मालिक के घर की अलमारी से गहने चोरी कर अपने पति और जीजा की मदद से कुछ आभूषण मुथूट फाइनेंस में गिरवी रख दिए थे और उसके एवज में लोन प्राप्त किया था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से गिरवी रखने की रसीद, मोबाइल फोन, एक लाख रुपये नकद, एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन समेत कुल 12.22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। नेवई थाना पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *