दुर्ग। दुर्ग जिले के नगपुरा क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बाइक पर सवार चार लोग शिकारी टोला की ओर जा रहे थे और सामने चल रही कार ने अचानक बिना संकेत दिए मोड़ ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक कार से जा भिड़ी और सभी सवार सड़क पर गिर पड़े।

जानकारी के अनुसार राजनांदगांव जिले की रहने वाली 11 वर्षीय हेमलता अपने पिता सुदामा के साथ मामा के घर नगपुरा आई हुई थी। रविवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपने पिता, मामा कौशल यादव और एक अन्य रिश्तेदार के साथ बाइक से शिकारी टोला के लिए निकली थी। बाइक पर हेमलता सबसे आगे बैठी थी, जबकि अन्य तीन लोग पीछे सवार थे।


खुर्सीडीह-बोरई मार्ग के पास पहुंचने पर सामने चल रही कार अचानक सड़क पर मुड़ गई। बाइक चालक का आरोप है कि कार चालक ने न तो इंडिकेटर दिया और न ही दिशा बदलने का कोई संकेत दिया। अचानक कार सामने आने से बाइक सीधे कार के चालक साइड वाले दरवाजे से टकरा गई। टक्कर के बाद हेमलता सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई।

कान के पास से खून निकलने लगा। हादसे में बाइक चालक को भी चोटें आईं और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बाइक पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे।

संबंधित बाइक हाल ही में खरीदी गई थी और उसे अभी पंजीकरण नंबर जारी नहीं हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने कार क्रमांक PB10 CZ 4495 के चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत होने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन मोड़ते समय उचित संकेत देने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *