बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम मोड़े में चिमनी की आग से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब महिला रात में बिजली गुल होने के बाद चिमनी जलाकर सो गई थीं। सुबह परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह जली हुई हालत में जमीन पर पड़ी मिलीं। सूचना के बाद तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बिस्तर के पास रखती थीं चिमनी

ग्राम मोड़े निवासी शाहीन बाई पटेल (70) अपने घर में सो रही थीं। बताया जा रहा है कि वह अक्सर बिस्तर के पास चिमनी रखकर सोती थीं। घटना वाली रात बिजली बंद होने के बाद उन्होंने चिमनी जलाई और सो गईं। इसी दौरान किसी तरह चिमनी से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। रात में परिजनों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।


सुबह कमरे में मिली जली हुई हालत में

सुबह काफी देर तक शाहीन बाई घर से बाहर नहीं आईं तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो बुजुर्ग महिला जली हुई अवस्था में जमीन पर पड़ी थीं। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *