चारामा। कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के पड़ोसी पवन सोनकर (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में आर्थिक तंगी के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

300 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद जांच टीम ने आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर संदेह की कड़ी आरोपी पवन सोनकर तक पहुंची। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।


8 लाख रुपये की चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी सहित करीब 8 लाख रुपये मूल्य की शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ताला तोड़ने के औजार भी जब्त किए गए हैं।

आर्थिक जरूरत बताई चोरी की वजह

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि आर्थिक जरूरत के कारण उसने अपने ही पड़ोसी के सूने मकान को निशाना बनाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उत्कृष्ट कार्रवाई पर पुलिस टीम सम्मानित

इस मामले का खुलासा करने वाली चारामा पुलिस की कार्रवाई की पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने सराहना की है। उन्होंने उत्कृष्ट जांच और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed