कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा को आरोपी शिक्षक अश्लील फोटो और वीडियो भेजता था। इतना ही नहीं छात्रा को मैसेज कर आपत्तिजनक फोटो भेजने का दबाव बना रहा था। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी शिक्षक ने फेल करने की धमकी दी थी। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी शिक्षक का नाम आशीष मंडल है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, घटना बांदे थाना क्षेत्र के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की है। आरोपी का नाम आशीष मंडल (30 वर्ष) है और स्कूल में गणित का टीचर था। 10 वीं कक्षा की पीड़िता छात्रा ने पुलिस को बताया कि स्कूल में 16 अगस्त को आरोपी शिक्षक ने गणित की एक्स्ट्रा क्लास (अतिरिक्त कक्षा) ली थी।


इस दौरान शिक्षक ने छात्रा का मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद से शिक्षक अश्लील वीडियो और फोटो भेजने लगा। छात्रा का आरोप है कि इसी बीच शिक्षक ने अश्लील फोटो-वीडियो भेजने का दबाव बनाया। छात्रा ने जब विरोध किया तो शिक्षक ने फेल करने की धमकी दी।

शिक्षक गिरफ्तार

शिक्षक की हरकतों से परेशान छात्रा ने घटना की शिकायत अपने परिजनों से की। परिजनों ने तत्काल थाने पहुंचकर शिक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज करवाया। पीड़िता छात्रा की रिपोर्ट पर आरोपी शिक्षक को तत्काल गिरफ्तार किया गया।

साथ ही आरोपी शिक्षक का फोन भी जब्त किया गया। बांदे थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ बीएनएस की धारा 75, पोक्सो एक्ट की धारा 12 और आईटी एक्ट की धारा 67 ए के तहत अपराध दर्ज किया।

आरोपी को भेजा गया जेल

आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल कांकेर भेज दिया गया है। साथ ही मामले में आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *