


रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया के लिए रील बनाते समय 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि मृतका के मोबाइल फोन में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड मिला है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।
मृतका की पहचान विशाखा देवांगन के रूप में हुई है। घटना शहर के कोष्टापारा नया गंज मोहल्ले की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, दोपहर में जब वे घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर दरवाजे की दरार से देखा गया तो विशाखा सीलिंग फैन से लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला, जिसमें वह फंदे के साथ वीडियो रिकॉर्ड करती हुई दिखाई दे रही है। शुरुआती आशंका है कि वह सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी और इसी दौरान यह हादसा हो गया।
हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन में मिले वीडियो, घटनास्थल के साक्ष्य, तकनीकी जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे कंटेंट और रील बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
