बालोद। जिले के सम्बलपुर (नाहन्दा) गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता को अपनी नाबालिग बेटी से बात करने से युवक को मना करना उस वक्त महंगा पड़ गया, जब उसने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इस हमले में घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला देवरी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सम्बलपुर निवासी गौकरण साहू अपने घर में सो रहे थे। तभी देर रात 6 आरोपी उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने सोते हुए गौकरण साहू पर बांस के डंडे और लकड़ी के राफ्टर से पीठ, सिर और कमर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पिता की चीख-पुकार सुनकर पास में सो रही उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी जाग गई।


बेटी को उठता देख घर के अंदर हमला कर रहे 4 आरोपी और बाहर निगरानी रख रहे 2 युवक मौके से भाग निकले। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पिता को तुरंत देवरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए देवरी पुलिस ने बारीकी से जांच शुरू की। जब पुलिस ने मृतक की नाबालिग बेटी से पूछताछ की, तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। नाबालिग ने बताया कि खपराभाटा निवासी भानुप्रताप जैन (18 वर्ष) से उसकी कुछ समय से बातचीत चल रही थी। उसके पिता इस बात का लगातार विरोध कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर भानुप्रताप ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed