कोरबा। POCSO एक्ट का फरार आरोपी शिक्षक आज जिला एवं सत्र न्यायालय पहुंचा था। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस उसे पकड़ने कोर्ट पहुंची थी। इस दौरान आरोपी शिक्षक कोर्ट परिसर के छत से गिरकर घायल हो गया। घायल शिक्षक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिसकर्मियों ने उसे छत से धक्का दिया, जिसके बाद उसे कुछ याद नहीं है। आरोपी खुद छत से कूदा है या पुलिस ने धक्का दिया है, यह मामला अब जांच का विषय है। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट होगा।

बता दें कि संदीप अग्रवाल एक शिक्षक है और उस पर दो स्कूली छात्राओं ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद विभागीय जांच हुई, उसके बाद उसके खिलाफ डोरा थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक के न्यायालय आने की सूचना पुलिस को पहले ही मिल गई थी।


जैसे ही वह न्यायालय परिसर पहुंचा, उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान वह छत से गिर गया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। गिरने की तेज आवाज सुनकर मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने तत्काल उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया।

घायल संदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि उसे पकड़ने कटघोरा से दो पुलिसकर्मी आए थे। छत पर गया तो उसे पकड़ने के लिए आए और 2 साल से पुलिस डिपार्टमेंट को परेशान कर रखा है कहते हुए छत से धक्का दे दिया और भाग गए। उसके बाद कुछ याद नहीं है।

मामला दर्ज होने के बाद फरार चल रहा था आरोपी

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि 2023 की घटना थी। छात्राओं की शिकायत पर कलेक्ट्रेट जांच उपरांत 2024 में शिक्षक संदीप अग्रवाल के खिलाफ POCSO एक्ट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था। संदीप अग्रवाल फरार चल रहा था, जिसकी तलाश की जा रही थी। आरोपी का कथन दर्ज किया जाएगा, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *