बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले में भारी बारिश के चलते नदी व नाले उफान पर है। नदियों का जल स्तर तेजी के साथ बढ़ रहा है। पुलिस ने जलाशयों व डैम के आसपास निगरानी रखना शुरू कर दिया है। स्टंटबाजी व रील बनाने वालों पर पुलिस नजर रख रही है और ऐसा ना करने की हिदायत भी दे रही है।

छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। पुलिस ने डैम, जलाशयों और उफनती नदियों में स्टंट और नहाने वालों पर सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। कलेक्टर ने साफ कहा है कि जहां सड़क के ऊपर से पानी बह रहा हो, वहां किसी भी हालत में उसे पार करने की कोशिश न करें। एक छोटी सी लापरवाही बड़ी घटना में तब्दील हो सकती है।


मानसून के दौरान जिले के डैम, जलाशय और नदी-नाले उफान पर हैं। कई जगहों पर पुल-पुलियों और सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर तेज बहाव वाले पानी को पार करने की कोशिश करते हैं। युवा डैम और नदियों में उतरकर स्टंट और रील बनाने में लगे रहते हैं। ऐसे मामलों में लगातार हादसों की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। बिलासपुर पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर जवान तैनात कर दिए हैं। डैम, नदी और जलाशयों में खतरनाक तरीके से उतरने वालों को रोका जा रहा है और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस का कहना है कि बारिश का आनंद लें, लेकिन अपनी जान खतरे में डालने की गलती न करें।

बिलासपुर जिले के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान तेज बहाव वाले पानी को हल्के में लेना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से केवल सुरक्षित स्थानों पर ही आवाजाही करने की अपील कर रहा है। बरसात का मौसम है। जहां कहीं भी नदियों या पुल-पुलियों पर पानी का बहाव तेज हो, या सड़क के ऊपर से पानी बह रहा हो, वहां किसी भी हालत में उसे पार करने की कोशिश न करें। आपके माध्यम से सभी नागरिकों से मेरी अपील है कि प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *