



रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस और बीजपी ने एक दूसरे के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने दिल्ली में राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लेकर रायपुर में प्रदर्शन किया। वहीं, बीजेपी ने कांग्रेस के द्वारा पीएम मोदी आवास घेराव के विरोध में राजीव भवन के सामने प्रदर्शन किया।
घेराव के दौरान दोनों पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने
दरअसल, पीएम मोदी आवास घेराव के विरोध में बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर (राजीव भवन) घेरने के लिए निकले थे। इस दौरान राजीव भवन के पास कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने आने पर एक दूसरे के खिआफ़ जमकर नारेबाजी किये। इसी बीच प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र होने लगा।

पत्थरबाजी का आरोप
दोनों पार्टी के नेताओं का आरोप है कि पत्थरबाजी की गई, हालाँकि पत्थरबाजी किसकी तरफ से की गई यह अभी जाँच का विषय है। प्रदर्शन उग्र होने पर पुलिस को स्थिति नियंत्रण करने के लिए आंसू गोले और वाटर केनन का इस्तेमाल करना पड़ा। कई जगहों पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाई गई थी, जिसे प्रदर्शनकारियों ने तोड़ने की कोशिश भी की।
अपशब्द कहना बेहद शर्मनाक
प्रदर्शन में शामिल छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के सामने बैठकर अपशब्दों का प्रयोग करना गलत है। हमारे देश के शीर्ष पद पर बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अपशब्द कहना बेहद शर्मनाक… इसी के विरोध में बीजेपी ने काँग्रेस मुख्यालय का घेराव किया है।
लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल और निंदनीय
वहीँ, मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने कहा कि ”कल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के आवास के बाहर जैसा आचरण किया, वह लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल और निंदनीय है। ऐसे राजनीतिक स्टंट की अपेक्षा नेता प्रतिपक्ष जैसे पद पर बैठे व्यक्ति से तो बिल्कुल नहीं होती।
NEET पेपर लीक जैसी समस्या पर केंद्र सरकार पहले से ही अत्यधिक गंभीर है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई भी हुई है। प्रधानमंत्री ने पेपर लीक को ‘पाप’ कहते हुए कार्रवाई की बात कही है। सरकार परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई और उसका परिणाम भी आ चुका है।
दुख की बात है कि कांग्रेस इस बहाने फिर से कुछ युवाओं की आड़ लेकर देश में अराजकता फैलाने में जुट गई है। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया कृत्य लोकतंत्र की गरिमा के प्रतिकूल है। इसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।”
