
धमतरी । पुलिस विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। दो साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थ आरक्षकों का थोक में तबादला किया गया है। इस प्रक्रिया के तहत कुल 192 आरक्षकों का स्थानांतरण विभिन्न थाना-चौकियों और इकाइयों में किया गया है। इस पहल को पुलिस विभाग में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह स्थानांतरण प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन में पूरी की गई। जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस में पदस्थ ऐसे आरक्षकों को चिन्हित किया गया, जिन्होंने एक ही स्थान पर दो वर्ष से अधिक सेवा पूरी कर ली थी। इसके बाद एक सुव्यवस्थित और खुली प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें आरक्षकों को अपनी पसंद के अनुसार तीन संभावित पोस्टिंग विकल्प देने का अवसर दिया गया।

इस संबंध में धमतरी, कुरुद और नगरी अनुभागों के साथ-साथ पुलिस लाइन, यातायात, नियंत्रण कक्ष, एसपी कार्यालय, साइबर थाना, अजाक और महिला सेल में पदस्थ आरक्षकों का एक खुला सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में सभी संबंधित कर्मचारियों से उनकी पसंद के तीन थाना या चौकी विकल्प भरवाए गए।


प्राप्त विकल्पों के साथ-साथ कर्मचारियों के कार्य मूल्यांकन, दक्षता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए दो अलग-अलग सूचियों के माध्यम से 121 और 71 आरक्षकों का स्थानांतरण किया गया। इस तरह कुल 192 आरक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह भी सुनिश्चित किया गया कि आरक्षकों से उनके गृह थाना या हालिया पोस्टिंग को छोड़कर अन्य विकल्प ही मांगे जाएं। साथ ही जिन आरक्षकों के विशेष कौशल या अनुभव के कारण उनके स्थानांतरण से संबंधित इकाई के कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था, उन्हें प्रशासनिक कारणों से यथास्थान बनाए रखा गया है।
गौरतलब है कि पिछले एक वर्ष में यह धमतरी जिले की पहली बड़ी स्थानांतरण सूची है। इससे पहले केवल सीमित स्तर पर, विशेष रूप से शिकायतों से जुड़े मामलों में ही छोटे स्तर पर तबादले किए गए थे। इस बार यह भी ध्यान रखा गया कि कर्मचारियों के बच्चों का शैक्षणिक सत्र पूर्ण हो चुका है, ताकि परिवार पर स्थानांतरण का नकारात्मक प्रभाव न पड़े।







