धमतरी। मगरलोड थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब दोनों अपने बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव लौट रहे थे। एक ओर परिवार बड़े भाई के निधन के गम से उबर भी नहीं पाया था कि इस हादसे ने पूरे परिवार को दोहरी त्रासदी में झोंक दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके बड़े भाई का निधन हो गया है। यह खबर मिलते ही दोनों बाइक से अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने गांव धनोरा रवाना हुए। रास्ते में मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी और खड़मा के बीच उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमलाल नेताम और उनकी पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही धनोरा सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। जिस परिवार में पहले से बड़े भाई के निधन का मातम था, उसी परिवार पर कुछ ही घंटों के भीतर पति-पत्नी की मौत का दूसरा वज्रपात हो गया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed