



बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में एक बड़े कारोबारी के सूने मकान में सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर की है, जहां चोरों ने कारोबारी के घर को निशाना बनाते हुए नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और कीमती रत्नों पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी की रकम करीब 5 करोड़ रुपये तक हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक, कारोबारी दंपत्ति इन दिनों तीर्थ यात्रा पर बाहर गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोर घर में घुस गए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने एसी (AC) की जगह से रास्ता बनाकर घर के अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। चोरी की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल चोरी गए सामान का सटीक आकलन किया जा रहा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक नगदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती रत्न सहित करोड़ों रुपये की संपत्ति चोरी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। चोरी की वास्तविक राशि और नुकसान का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
