
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में बीती रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शहर के गणेश चौक इलाके में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान एसिड अटैक की घटना सामने आई है। इस हमले में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक नाबालिग समेत तीन लोग तेजाब से बुरी तरह झुलस गए हैं।
दरअसल यह पूरा विवाद एक प्रेम प्रसंग और मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि रामपुर वार्ड की एक महिला का प्रेम प्रसंग गणेश चौक निवासी सूरज के दोस्त के साथ चल रहा था। जब महिला का पति भारी भीड़ लेकर सूरज के घर पहुंचा तो वहां जमकर मारपीट हुई। इसी बीच आरोपी सूरज ने घर में रखा तेजाब भीड़ पर छिड़क दिया।

अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बीच बचाव करने आए लक्की नाम का युवक 30 प्रतिशत और एक नाबालिग 25 प्रतिशत तक झुलस गया है। दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल रायपुर रेफर किया गया है।


अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
खुद आरोपी सूरज भी इस घटना में घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। अब तक इस मामले में 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है, लेकिन इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर प्रतिबंधित एसिड आरोपियों के पास इतनी आसानी से कैसे उपलब्ध था। हालांकि पुलिस का तर्क है कि आरोपी बर्तन चमकाने का काम करता था इसलिए उसके पास तेजाब मौजूद था। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर आठ आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तफ्तीश की जा रही है।
