
दुर्ग: छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की खरीदी बिक्री करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 15 लाख रुपए के अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाकी आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। यह पूरा मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, झारखंड से गांजा लाकर दुर्ग और आसपास के क्षेत्र में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस को जब इसकी भनक लगी, तो उन्होंन इसकी जांच शुरु की। इस मामले में दो आरोपी सुरेंद्र उर्फ सुंदर साहू और राजकेश्वर साहू सहित अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने 12 मई को NDPS एक्ट के तहत आरोपी सुरेंद्र उर्फ सुंदर साहू और राजकेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया।

अन्य आरोपियों की तलाश शुरु
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 15 लाख रुपए का अफीम बरामद किया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी झारखंड के गुमला के रहने वाले हैं और झारखंड से गांजा लाकर दुर्ग सहित आसपास के इलाके में इसकी सप्लाई करते थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अन्य आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।


हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ दो गिरफ्तार
बता दें कि इससे पहले दुर्ग की थाना भिलाई नगर पुलिस ने 4 अप्रैल को प्रदेश में पहली बार हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 2 किलो गांजा के साथ ही 2.3 हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया था। साधारण गांजे की तुलना में हाइड्रोपोनिक गांजा हाई टीएचसी के कारण अधिक नशीला होता है।
