
कोरबा। जिले में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार 2 मई को थाना उरगा क्षेत्र में एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री घर से लापता है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीडीआर लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका को ग्राम कारा, थाना उरला, जिला रायपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया। उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया। पूछताछ में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी रमेश मरकाम ने उससे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया था।


दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ भगाया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जांच में यह भी सामने आया कि नाबालिग (17 वर्ष) स्कूल में पढ़ाई करती है। आरोपी के संपर्क में आने के बाद वह घर से लगभग 20 हजार रुपए लेकर उसके साथ फरार हो गई थी।
आरोपी उसे रायपुर ले गया था, जहां दोनों मजदूरी का काम कर रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश मरकाम पिता ललित मरकाम (उम्र 25 वर्ष), निवासी हरदीडीह, चौकी चैतमा, थाना पाली, जिला कोरबा को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 137(2), 64(2)(m) बीएनएस एवं धारा 4 एवं 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
