धमतरी। शहर में गश्त के दौरान हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल नगर सैनिक को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 3:30 बजे प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे रात्रि गश्त कर सिहावा चौक की ओर पहुंचे ही थे कि संजय आर्ट्स के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन क्रमांक CG05 AV 0232 (हिन्द ट्रांसपोर्ट) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बाइक नगर सैनिक दिलीप पांडे चला रहे थे।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप चालक बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दिलीप पांडे को तत्काल उपचार के लिए मसीही अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। इस दुखद घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। साथी पुलिसकर्मियों और परिचितों ने प्रधान आरक्षक विजय बैरागी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *