रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पति-पत्नी की घर के अंदर जली हुई लाश मिली। आशंका जताई जा रही हैं कि हत्या के बाद दोनों के शव को जला दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, एक साथ दो लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। घटना धरमजयगढ़ के क्रोंधा देवमारीडांड की है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, आज थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में रहने वाले मंगल राठिया (65 वर्ष) व उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया 55 वर्ष के घर के भीतर जली हुई अवस्था में शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी, थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े, थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड तथा थाना धरमजयगढ़, कापू एवं रैरूमाखुर्द का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पहुंचा और बारीकी से निरीक्षण किया गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के यहां कार्य करने वाले रामलाल चौहान (35 वर्ष) निवासी क्रोंधा बौधपारा ने बताया कि वह पिछले लगभग तीन वर्षों से मृतक मंगल राठिया के घर में कार्य कर रहा है। 14 जुलाई को वह प्रतिदिन की तरह काम कर शाम को अपने घर चला गया था। उस समय घर में केवल मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया मौजूद थे।

सुबह लगभग 6 बजे जब वह काम पर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर घर के सभी दरवाजे खुले थे तथा एक कमरे से धुआं निकल रहा था। कमरे के बाहर से देखने पर उसमे मंगल राठिया का शव जली हुई अवस्था में जमीन पर पड़ा था और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया का भी जला हुआ शव पड़ा था। इसके बाद उसने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।

धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा दोनों शवों का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई है। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या एवं साक्ष्य छिपाने की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जाँच शुरू कर दी गई है। पुलिस एफएसएल एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के प्रत्येक पहलू की गहन जांच कर रही है तथा दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *