कांकेर/केशकाल: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-30 पर केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम खालेमुरवेंड के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक ही पेड़ से जा टकराए।

केबिन में फंसा रहा बस चालक

हादसे के बाद बस के सामने का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जिससे चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची केशकाल पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को बस से बाहर निकाला।


रायपुर से जगदलपुर जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, महिंद्रा कंपनी की यात्री बस रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही थी, जिसमें क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। वहीं, सामने से आ रहा ट्रक लोहा और गिट्टी से लदा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठे।

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ यात्रियों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। हादसे के चलते NH-30 पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *