दुर्ग/ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के केलाबाड़ी स्थित सुभाष नगर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक किराए के मकान में रहने वाले B.Ed छात्र ने अपनी ही प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, मृतका 25 वर्षीय उनेश्वरी वर्मा खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली थी और दुर्ग के बीएम कॉलेज में B.Ed की पढ़ाई कर रही थी. वह पिछले दो साल से पढ़ाई के लिए दुर्ग में किराए पर रह रही थी.

दोनों एक ही कॉलेज में थे छात्र

आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष) बालोद जिले का निवासी है और वह भी उसी कॉलेज में B.Ed का छात्र है. दोनों के बीच प्रेम संबंध था और साथ पढ़ाई करते थे. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन फोन न उठाने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ. इसके बाद आरोपी युवती को अपने किराए के कमरे में ले गया, जहां बहस और बढ़ गई.


गुस्से में आकर की हत्या

विवाद के दौरान आरोपी गुस्से में आ गया और उसने युवती का गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने लड़की को मृत नहीं बल्कि बेहोश समझा और 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल कर दिया. जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तब तक युवती की मौत हो चुकी थी. इस दौरान आरोपी कमरे में ही मौजूद रहा.

मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस अब डिजिटल साक्ष्य और अन्य सबूत जुटाने में लगी है. घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन दुर्ग पहुंचे. मृतका के पिता ने बताया कि उनेश्वरी उनके दो बेटों में इकलौती बेटी थी और परिवार को उसके प्रेम संबंध की कोई जानकारी नहीं थी. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *