राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे आईटी और कंप्यूटर साइंस के युवाओं के लिए शानदार अवसर सामने आया है. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने सीनियर और बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के कुल 3951 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती के जरिए राज्य के स्कूलों में डिजिटल और आईटी एजुकेशन को मजबूत करने की योजना है.

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 मई 2026 से शुरू हो चुकी है. योग्य उम्मीदवार तय तारीख तक आवेदन कर सकते हैं. खास बात यह है कि इस भर्ती में मास्टर डिग्री होल्डर्स को मौका दिया गया है और चयनित उम्मीदवारों को सरकारी टिचर के रूप में करियर बनाने का अवसर मिलेगा.


इतने पदों पर होगी भर्ती

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा जारी भर्ती अभियान में कुल 3951 पद शामिल हैं. इनमें 322 पद सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के लिए तय किए गए हैं, जबकि 3629 पद बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के लिए रखे गए हैं. माध्यमिक शिक्षा विभाग और संस्कृत शिक्षा विभाग के स्कूलों में इन पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास कंप्यूटर साइंस, आईटी या संबंधित तकनीकी विषय में मास्टर डिग्री होना जरूरी है. एमई, एमटेक, एमसीए या एमएससी इन कंप्यूटर साइंस/आईटी करने वाले अभ्यर्थी आवेदन के लिए एलिजिबल होंगे. इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य संबंधित तकनीकी विषयों में मास्टर डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं.

एज लिमिट और आरक्षण

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है. आयु की गिनती 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी. राजस्थान सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट भी मिलेगी.

परीक्षा की तारीख और आवेदन की फीस

सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर पद की लिखित परीक्षा 22 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी. आवेदन की फीस सामान्य और क्रीमीलेयर ओबीसी वर्ग के लिए 600 रुपये रखा गया है. वहीं नॉन-क्रीमीलेयर ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को 400 रुपये की फीस देनी होगी. जिन अभ्यर्थियों ने पहले से ओटीआर फीस जमा कर रखी है, उन्हें दोबारा फीस नहीं देनी पड़ेगी.

ऐसे करें आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार राजस्थान के एसएसओ पोर्टल और बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन और फीस जमा करने की लास्ट डेट 23 जून 2026 रात 11:59 बजे तक तय की गई है. इसके अलावा 26 जून से 28 जून 2026 तक एप्लीकेशन करेक्शन विंडो भी खुली रहेगी, जिसमें उम्मीदवार अपने फॉर्म में सुधार कर सकेंगे.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *