



जांजगीर। जिले के पशु चिकित्सा विभाग में पदस्थ एक महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ और परेशान करने के मामले में पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामला सामने आने के बाद विभाग ने भी सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालक रूपेश कुमार थवाईत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पशु चिकित्सा विभाग में पदस्थ महिला डॉक्टर ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि विभाग का वाहन चालक रूपेश थवाईत लगातार उसका पीछा करता था और मोबाइल पर अश्लील बातें व आपत्तिजनक संदेश भेजता था।

महिला डॉक्टर ने बताया कि लगातार परेशान किए जाने के बाद उसने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धारा 78, 79 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

इधर, पुलिस कार्रवाई के बाद पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग ने भी आरोपी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा जारी आदेश में वाहन चालक रूपेश कुमार थवाईत को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। विभागीय आदेश में उल्लेख किया गया है कि जिला एवं सत्र न्यायालय जांजगीर-चांपा में पुलिस द्वारा दाण्डिक अपराध में चालान प्रस्तुत किए जाने के कारण शासकीय सेवक की नैतिकता प्रभावित हुई है।
इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान आरोपी कर्मचारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। वहीं निलंबन अवधि में उसका मुख्यालय पशु चिकित्सालय चांपा जिला जांजगीर-चांपा निर्धारित किया गया है।
मामले के सामने आने के बाद विभाग में भी हड़कंप मच गया है। महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद पुलिस और विभाग दोनों स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, धमकी या उत्पीड़न की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
