कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। डेंगूनाला पुल के पास तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से दो युवतियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर बिखरे शवों व खून का मंजर देखकर लोग सन्न रह गए।

टक्कर के बाद उड़ गए स्कूटी के परखच्चे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी क्रमांक CG 10 CB 2635 पर तीन लोग सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 2932 ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से दोनों युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई।


घायल युवक की हालत नाजुक

स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

शवों की नहीं हो सकी पहचान

बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।फिलहाल मृतक युवतियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस स्कूटी के दस्तावेजों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

ट्रेलर जब्त, चालक से पूछताछ

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *