मुंगेली।  सड़क दुर्घटना के आरोपी CMO अमरेश सिंह (58) निवासी महेश्वर कॉलोनी, अंबिकापुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सीएमओ को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पढ़िए क्या है मामला?

शिक्षक नगर पंडरिया निवासी विश्वनाथ बसोर ने थाना जरहागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई है, 1 अगस्त 2026 को उनकी भाभी किरण बसोर अपने साथी के साथ मोटर साइकिल से ग्राम हरदी शादी समारोह में ऑर्डर का काम पूरा कर लौट रही थी। ग्राम बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय होने के कारण उन्होंने अपनी मोटर साइकिल किनारे खड़ी कर दी।


इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही स्कोडा कार (क्रमांक CG 15 DN 3866), जिस पर “CMO (UAD) CG Government” लिखा था, तेज रफ्तार और गलत दिशा से आई और मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, किरण बसोर और मोटर साइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच में बड़ा खुलासा, ‘जानबूझकर’ टक्कर मारने के मिले साक्ष्य:–

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों, घटनास्थल के निरीक्षण और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी चालक ने जानबूझकर एवं अत्यंत लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुर्घटना को अंजाम दिया था।

अंबिकापुर से आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त

जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अमरेश सिंह पिता परमानंद (58 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-04, महेश्वर कॉलोनी, गोधनपुर, थाना गांधीनगर, अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार (CG 15 DN 3866) को जब्त कर ली गई। आरोपी के खिलाफ थाना जरहागांव में धारा 281, 125(ए) एवं 105 बीएनएस में कार्रवाई करते हुए 3 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *