जगदलपुर। शहर के लालबाग इलाके में रिटायर्ड फॉरेस्ट रेंजर के पुत्र और BPCL में कार्यरत अतुल शर्मा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है, जहां अतुल शर्मा अपने घर में अकेले रहते थे, जबकि उनके परिजन रायपुर में निवासरत बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में घर अंदर से बंद पाया गया, वहीं मृतक की कलाई की नस कटी हुई मिली। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है।


बताया जा रहा है कि घर का केयरटेकर बीते दिन वहां पहुंचा और बेल बजाई, लेकिन काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद वह लौट गया। इसके बाद आज सुबह कॉलोनीवासियों को घर से बदबू आने पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना वार्ड पार्षद को दी। पार्षद ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि बेड पर अतुल शर्मा की लाश पड़ी हुई थी और फर्श खून से सना हुआ था। वहीं लाश करीब 2 से 3 दिन पुरानी बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *