कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सतरंगा के कारीघाट से पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 7 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मृतक की पहचान खरमोरा निवासी 20 वर्षीय सत्यम यादव के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल युवकों में 19 वर्षीय विष्णु कंवर, 22 वर्षीय भवानी कंवर, 23 वर्षीय नीरज कुमार और 20 वर्षीय वासु कंवर सहित अन्य युवक शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए बालको अस्पताल और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के मुताबिक, ऑटो में करीब 10 युवक सवार थे। सभी युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत खरमोरा बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पिकनिक मनाकर वापस लौटते समय सतरंगा मुख्य मार्ग पर चालक ऑटो से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन पुल के नीचे खाई में जा गिरा। घायल वासु कंवर ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि ऑटो पलटने के बाद कुछ युवक उसके नीचे दब गए थे।

स्थानीय लोगों और साथियों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। हादसे के बाद घायलों को निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद खरमोरा बस्ती में शोक का माहौल है। इधर, जिला अस्पताल चौकी पुलिस को अस्पताल प्रबंधन की ओर से मेमो भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *