दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से डॉक्टर-पेशेंट के भरोसे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने जनरल फिजिशियन डॉ. सुधीर कुमार हिसीकर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

चेकअप के बहाने अलग कमरे में ले गया

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, 17 वर्षीय किशोर मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए डॉक्टर के क्लीनिक पहुंचा था। आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टर उसे चेकअप के बहाने एक अलग कमरे में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर उसके साथ अश्लील हरकत की और निजी अंगों को अनुचित तरीके से छुआ।


दोस्तों को बताई आपबीती, फिर थाने पहुंचे परिजन

घटना के बाद किशोर काफी घबरा गया। उसने सबसे पहले अपने दोस्तों को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजन तत्काल पद्मनाभपुर थाने पहुंचे और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

POCSO एक्ट के तहत FIR, डॉक्टर गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच की। नाबालिग के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर डॉक्टर सुधीर कुमार हिसीकर के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पहले भी विवादों में रह चुका है आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर पहले भी अवैध गर्भपात से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed