



रायपुर। करीब 6 साल से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के स्थायी वारंटी को अभनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर अभनपुर लाया गया है। मामला राखी थाना क्षेत्र से जुड़ा है और वर्ष 2020 में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था।
2020 से फरार था आरोपी

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 में दर्ज प्रकरण में आरोपी तरुण पाटिल, निवासी दुर्ग के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366, 376, 509 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी के खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
कई बार पुलिस को दे चुका था चकमा
बताया जा रहा है कि आरोपी कई बार पुलिस की गिरफ्त से बचकर फरार हो चुका था। लंबे समय से उसकी तलाश जारी थी। पुलिस को लगातार उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी पड़ रही थी। आखिरकार पुलिस टीम को आरोपी के दुर्ग में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया।
राखी थाना क्षेत्र का मामला
यह पूरा मामला राखी थाना क्षेत्र से संबंधित है। करीब छह साल पुराने इस मामले में स्थायी वारंटी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
