



जांजगीर-चांपा।छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना परिसर से पुलिस अभिरक्षा में रखा एक आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी को कानूनी कार्रवाई के लिए मुलमुला थाना लाया गया था, जहां उसे पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था। इसी दौरान आरोपी पुलिस की नजरों से बचकर थाना परिसर से फरार हो गया। आरोपी के भागने की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।

ड्यूटी में लापरवाही पर आरक्षक निलंबित
मामले की प्राथमिक जांच में ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के बाद एसपी विजय पांडेय ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपी की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि पुलिस अभिरक्षा में रखा आरोपी थाना परिसर से कैसे फरार हो गया।
