दुर्ग/ रक्षाबंधन की रात दुर्ग में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन दोस्त बिरयानी खाने के लिए निकले थे। इसी दौरान चंडी मंदिर के पास गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पांच युवकों ने मिलकर धन्ना चौधरी नामक युवक पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद धन्ना सड़क पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से बिरयानी खाने निकला था। चंडी मंदिर के पास नयापारा मार्ग पर पीछे से आ रहे कुछ युवकों ने उन्हें गाली दी। गाली सुनने के बाद धन्ना ने वाहन रोक दिया और युवकों से गाली देने की वजह पूछी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट की स्थिति बन गई।


धन्ना और उसके दोस्तों ने देखा कि दूसरे पक्ष के युवकों के पास चाकू और धारदार हथियार थे। इसी दौरान आरोपियों ने धन्ना पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में धन्ना को गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के हाथ में धारदार हथियार देखकर वे पीछे हट गए। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। धन्ना गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा रहा। इसके बाद उसके दोस्तों ने किसी तरह उसे ई-रिक्शा की मदद से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद धन्ना को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके। घटना को लेकर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार जांच में जुटी हुई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *