जीपीएम। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम अमरपुर के पास तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक सवार युवक और युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद हार्वेस्टर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन को पतगवां के पास पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा पेंड्रा-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम अमरपुर के पास हुआ। बाइक सवार युवक और युवती किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान धान कटाई में उपयोग होने वाली हार्वेस्टर मशीन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।


वाहन पकड़ाया, चालक फरार

हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन का पीछा किया गया। इसके बाद हार्वेस्टर को पतगवां के पास पकड़ लिया गया। हालांकि, चालक वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मृतक युवक-युवती की पहचान

दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही पेंड्रा थाने की पुलिस और पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान मुकेश पोर्ते (22 वर्ष), पिता जीवन, निवासी घाटबाहरा खुसरोपारा, चौकी कोड़गार और दुलरिया (17 वर्ष), पिता फागुन सिंह वाकरे, निवासी बस्ती के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर मृतकों के शव को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं मामले की जांच में जुट गई है और फरार हार्वेस्टर चालक की तलाश कर रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *