बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तखतपुर थाना क्षेत्र के कुशमुली गांव में एक पिता ने अपने ही बेटे की डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की रोजाना की शराबखोरी, मारपीट और गाली-गलौज से पूरा परिवार परेशान था। इसी से तंग आकर पिता ने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठा लिया।

शराब के नशे में घर पहुंचा, फिर शुरू कर दिया विवाद

पुलिस के मुताबिक, मृतक विजेंद्र श्रीवास शराब पीने का आदी था। वह अक्सर नशे की हालत में घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से झगड़ा, मारपीट और गाली-गलौज करता था। बताया जा रहा है कि बीती रात भी विजेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और परिजनों से विवाद करने लगा। रोज-रोज के झगड़े से परेशान उसके पिता मोहित राम श्रीवास का धैर्य जवाब दे गया।


डंडे और कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला

गुस्से में आकर पिता ने घर में रखे डंडे और कुल्हाड़ी से विजेंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

आरोपी पिता हिरासत में, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पिता मोहित राम श्रीवास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed