
इस्लामाबाद/रावलपिंडी: जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बाद अब उनकी पत्नी बुशरा बीबी की भी आंखों की समस्या सामने आई है। उनकी दाईं आंख की रोशनी कम होने की शिकायत के बाद सर्जरी की गई है। जेल अधिकारियों के मुताबिक, बुशरा बीबी को दाईं आंख में अचानक रोशनी कम होने की शिकायत हुई थी।
इसके बाद जेल प्रशासन ने तुरंत उनकी जांच कराई। जांच में पता चला कि उनकी दाईं आंख में रेटिना डिटैचमेंट (Retinal Detachment) है, जिसके बाद डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी। प्राइवेट अस्पताल में हुई बुशरा की आंख की सर्जरी गुरुवार रात उन्हें रावलपिंडी के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनकी मेडिकल जांच की गई।

इसके बाद उन्होंने ऑपरेशन के लिए सहमति दी। यह सर्जरी अल शिफा आई हॉस्पिटल, रावलपिंडी के प्रसिद्ध रेटिना विशेषज्ञ डॉ. नदीम कुरैशी ने की। अधिकारियों के बयान के मुताबिक, ‘सर्जरी के बाद मरीज को एक रात अस्पताल में रखा गया और फिर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।’ इसके बाद उन्हें वापस अदियाला जेल भेज दिया गया।


आगे की जांच और फॉलो-अप डॉक्टरों की सलाह के अनुसार किया जाएगा। जेल में 7 साल कैद की सजा काट रही हैं बुशरा बीबी बुशरा बीबी पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित अदियाला जेल में 7 साल कैद की सजा काट रही हैं। उन्हें अल-कादिर ट्रस्ट मामले में दोषी ठहराया गया है। इसी मामले में इमरान खान भी सजा के बाद जेल में बंद हैं।
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने बयान जारी कर कहा कि बुशरा बीबी को पोस्टेरियर विट्रियस डिटैचमेंट (PVD) के साथ-साथ मायोपिया और एस्टिग्मैटिज्म की भी समस्या है और यह स्थिति ‘गंभीर चिंता का विषय’ है। PTI चीफ गौहर अली खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उन्हें जानकारी मिली है कि बुशरा बीबी को रात में अस्पताल ले जाया गया था और उनकी इलाज की जानकारी उन्हें दी जाएगी।
‘इमरान का भी इलाज प्राइवेट अस्पताल में हो’ गौहर अली खान ने यह भी कहा कि बुशरा बीबी के परिवार को उनसे मिलने की अनुमति मिलनी चाहिए और इमरान खान को भी आंखों के इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में ट्रांसफर किया जाना चाहिए और उनके परिवार को मिलने दिया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा, ‘यह जितनी जल्दी हो जाए उतना बेहतर है। यह कानून के मुताबिक उनका बुनियादी हक है।
उनके स्वास्थ्य की हालत बहुत खराब है, और इसके चलते हर पाकिस्तानी को उनकी चिंता है।’ इमरान खान की भी हो चुकी है आंख की सर्जरी बता दें कि जनवरी में 73 वर्षीय इमरान खान की आंख की रोशनी कम होने की शिकायत के बाद उन्हें इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) ले जाया गया था। वहां उनकी एक आंख के इलाज के लिए कुछ प्रोसीजर किया गया था, जिसे एक महीने बाद दोबारा किया गया। बता दें कि इमरान खान अगस्त 2023 में अपनी गिरफ्तारी के बाद से जेल में बंद हैं।
